मुख्यमंत्री जवाहर उत्कर्ष योजना के तहत प्राक्चयन परीक्षा संपन्न, 121 पात्र विद्यार्थियों में से 91 हुए शामिल

धमतरी। मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति जवाहर उत्कर्ष योजना अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए रविवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट आवासीय विद्यालय, गोकुलपुर (धमतरी) में प्राक्चयन परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा का आयोजन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक किया गया।

जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 121 विद्यार्थी पात्र पाए गए थे। इनमें से 91 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 30 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा संपन्न कराई गई।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति जवाहर उत्कर्ष योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराना तथा उन्हें प्रतिस्पर्धी एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण प्रदान करना है। इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनकी शैक्षणिक प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। परीक्षा परिणाम एवं प्रवेश की आगामी प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपादित की जाएगी, जिसकी जानकारी संबंधित विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को पृथक से उपलब्ध कराई जाएगी।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment