Dhamtari : नीरज साहू हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। नारी महानदी पुल हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने आज बड़ा खुलासा किया। चावल व्यवसाय में प्रतिस्पर्धा से उपजी रंजिश में नीरज साहू की हत्या के आरोपी को कुरूद पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी ने नारी महानदी पुल पर कैंची एवं पाना से हमला कर  हत्या की थी । आरोपी बिरेंद्र कुमार साहू को  न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया ।

मिली जानकारी के अनुसार  22 जुलाई को नारी महानदी पुल के ऊपर मुख्य मार्ग पर नीरज साहू का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला था। मृतक के गले एवं माथे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे तथा घटनास्थल पर उसका बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक CG-06-GT-7675 भी खड़ा मिला था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी,श्री शैलेन्द्र कुमार पांडेय एवं नव पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री देवचरण पटेल,डीएसपी. भानूप्रताप चंद्राकर, एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने लगातार कई दिनों तक घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की। लगातार की गई मेहनत और साक्ष्यों के आपसी मिलान के बाद संदेही बिरेंद्र कुमार साहू तक पुलिस पहुंची।

पूछताछ में आरोपी ने किया हत्या का खुलासा
संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने मृतक नीरज साहू की हत्या करना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एवं मृतक दोनों चावल का व्यवसाय करते थे। मृतक का व्यवसाय अच्छा चलने एवं उसकी कमाई अधिक होने के कारण आरोपी उसके प्रति अंदर ही अंदर रंजिश रखता था।
इसी रंजिश एवं द्वेष के चलते आरोपी ने मौका पाकर नारी महानदी पुल के सुनसान स्थान पर मृतक को रोककर कैंची एवं पाना से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कैंची एवं पाना बरामद कर गवाहों के समक्ष विधिवत जप्त किया गया है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment