बालोद। जिले के देवरी थाना क्षेत्र के परसुली गांव में मामूली पारिवारिक विवाद में भाई ने अपनी बहन पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, परसुली गांव निवासी 18 वर्षीय तनीषा सोनकर ने कुछ घंटे पहले ही अपने भाई पोषण सोनकर के खिलाफ मारपीट की शिकायत देवरी थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस की समझाइश और पारिवारिक सहमति के बाद तनीषा ने अपना आवेदन वापस ले लिया था। लेकिन शिकायत वापस लेने के कुछ ही घंटों बाद तनीषा जब घर में सो रही थी, तभी आरोपी भाई पोषण सोनकर ने उस पर धारदार कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।








