धमतरी। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से धमतरी जिले के बांधों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रदेश के मिनी गोवा के नाम से मशहूर गंगरेल बांध अब करीब 89 प्रतिशत भर चुका है। ऐसे में यदि जल आवक इसी तरह बनी रही तो आने वाले दिनों में बांध के गेट खोले जाने की संभावना बढ़ गई है। रविवार की छुट्टी के चलते बड़ी संख्या में लोग लबालब गंगरेल बांध का नजारा देखने भी पहुंचे।
भू-अभिलेख शाखा की रिपोर्ट के अनुसार 1 जून से 23 अगस्त 2026 तक धमतरी जिले में 783.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। यह पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा 744.7 मिमी के मुकाबले 105.2 प्रतिशत है। नगरी तहसील में सबसे ज्यादा 878.2 मिमी, धमतरी में 829.4 मिमी और कुकरेल में 787 मिमी बारिश दर्ज की गई। कुरूद में 778.3, मगरलोड में 773.9 और बेलरगांव में 754.1 मिमी बारिश हुई है। भखारा में 683.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।









