फर्जी ट्रांसफर कांड में पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार। जिले में फर्जी ट्रांसफर ऑर्डर तैयार कर उसका इस्तेमाल करने के मामले में पलारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में ग्रामीण चिकित्सा सहायक (RMA) करण कुमार देवांगन, कसडोल के RMA रवि सेन, गिरौदपुरी के पूर्व सरपंच और भाजपा जिला उपाध्यक्ष पुनी राम पटेल और BJP जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी शामिल हैं।

करण देवांगन ने तबादला कराने के लिए आरोपियों से संपर्क किया और पैसे दिए। रवि सेन ने करण और भाजपा नेताओं के बीच संपर्क कराया और तबादले की प्रक्रिया में साथ रहा। BJP नेता पुनिराम पटेल ने तबादला कराने का आश्वासन दिया और करण की मुलाकात कृष्णा अवस्थी से कराई। खुद भी ऑनलाइन भुगतान लिया। इसके बाद कृष्णा अवस्थी ने तबादले के बदले 1 लाख रुपए की मांग की और सीएमएचओ के फर्जी हस्ताक्षर वाला तबादला आदेश तैयार करवाकर व्हाट्सऐप पर भेजा।

मामला रोहांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ RMA करण कुमार देवांगन के कथित फर्जी स्थानांतरण आदेश से जुड़ा है। आदेश में करण देवांगन का तबादला रोहांसी PHC से मोपरा PHC किया जाना बताया गया था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, दस्तावेज पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. राजेश अवस्थी के जाली हस्ताक्षर किए गए थे। 17 अगस्त को फर्जी स्थानांतरण आदेश की एक कॉपी व्हाट्सऐप के जरिए स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय पहुंची। दस्तावेज की जांच कराई गई तो आदेश नकली पाया गया। इसके बाद खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज वर्मा की शिकायत पर पलारी थाने में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार, मामले में करीब 1 लाख रुपए के ऑनलाइन लेनदेन की बात भी सामने आई है। आरोप है कि कृष्णा अवस्थी ने पुनी राम पटेल के माध्यम से RMA करण देवांगन से संपर्क किया था। पुलिस अब लेनदेन और फर्जी आदेश तैयार करने की पूरी प्रक्रिया की जांच कर रही है।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment