धमतरी जिले के ग्राम सांकरा को किया गया सम्मानित

राष्ट्रीय स्तर पर स्वस्थ पंचायत थीम के लिए पुरस्कृत, छत्तीसगढ़ उन चुनिंदा राज्यों में शामिल, जिन्हें मिले एक से अधिक पुरस्कार

धमतरी। जिले की सांकरा पंचायत को राष्ट्रीय स्वस्थ पंचायत पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की अध्यक्षता में नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में जिले की नगरी जनपद पंचायत के ग्राम सांकरा को पुरस्कृत किया गया। ग्राम पंचायत सांकरा को स्वस्थ पंचायत थीम की श्रेणी में पुरस्कृत किया गया। इस ग्राम पंचायत को पुरस्कार के साथ ही 50 लाख रूपए की राशि भी प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री रविंद्र चौबे ने इस उपलब्धि के लिए प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उल्लेखनीय है कि पूरे देश में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्याें के लिए 43 ग्राम पंचायतों को पुरस्कार दिये गये। छत्तीसगढ़ उन चुनिंदा राज्यों में शामिल है जिन्हें एक से अधिक पुरस्कार आज प्राप्त हुए। प्रदेश के सरगुजा जिले की ग्राम पंचायत नागम के सरपंच श्री भंडारी राम पैकरा तथा ग्राम पंचायत सांकरा की सरपंच श्रीमती शशि ध्रुव ने केंद्रीय मंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्री गिरिराज सिंह के हाथों पुरस्कार ग्रहण किया। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री ग्रामीण विकास श्री फग्गन सिंह कुलस्ते और केन्द्रीय राज्य मंत्री पंचायत राज श्री कपिल मोरेश्वर पाटिल भी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि जिले के कलेक्टर श्री ऋतुराज रघुवंशी और जिला पंचायत की सीईओ श्रीमती रोक्तिमा यादव द्वारा जिले की पंचायतों पर विशेष फोकस करते हुए शासन की योजनाओं का समुचित क्रियान्वयन करने सतत कवायद की जा रही है।सांकरा पंचायत की इस उपलब्धि पर अधिकारी द्वय ने सरपंच और ग्रामीणों को बधाई दी है। विदित हो कि ग्राम पंचायत सांकरा में गर्भवती महिलाओं का शत- प्रतिशत संस्थागत प्रसव, बच्चों को पौष्टिक आहार प्रदान करने, ग्राम सभा, महिला सभा एवं बालसभा में बच्चों के टीकाकरण पर चर्चा करने के लिए , बीमारी जैसे टायफाइड, मलेरिया, टीबी आदि बीमारियों से बचाव हेतु प्रचार-प्रसार करने एवं टेलीमेडिसीन के माध्यम से अच्छा कार्य करने पुरस्कृत किया गया।

यह पुरस्कार इसलिए भी काफी मायने रखता है क्योंकि देश भर की ढाई लाख से अधिक ग्राम पंचायतों ने इस पुरस्कार के लिए नामांकन भरा था। इसमें छत्तीसगढ़ की 11658 ग्राम पंचायतें शामिल थीं। इनमें से 43 ग्राम पंचायतों को पुरस्कार के लिए देश भर से चुना गया। इस पुरस्कार के लिए 9 श्रेणियों में थीम रखी गई थी।

Leave a Comment

Notifications