स्वच्छ राजनीति वाले सरल राजनेता अग्नि चंद्राकर नहीं रहे, महासमुंद जिला बनाने विधायक पद से दे दिया था इस्तीफा

महासमुंद @ मनीष सरवैया । कैबिनेट मंत्री दर्जा के साथ छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष रहे तथा महासमुंद विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अग्नि चंद्राकर का आज रविवार शाम रायपुर के एक निजी अस्पताल में देहावसान हो गया। उनके निधन के समाचार से क्षेत्र में शोक की लहर है।
सोमवार को सुबह 10 बजे उनका पार्थिव शरीर महासमुंद लाया जाएगा। स्टेशन रोड स्थित उनके निज निवास और कांग्रेस भवन में आम जनों के दर्शनार्थ रखा जाएगा। नगर भ्रमण पश्चात उनका पार्थिव शरीर उनके गृहग्राम लभरा कला ले जाएगा, जहां दोपहर 1 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
करीब 40 साल तक राजनीति में सक्रिय रहे श्री अग्नि चंद्राकर अपने सरल, सहज स्वभाव, साफ सुथरी राजनीति और सेवा भावना के कारण पक्ष-विपक्ष में समान रूप से लोकप्रिय रहे। महासमुंद विधानसभा क्षेत्र से तीन तीन बार विधायक चुना जाना उनकी जन-स्वीकार्यता और लोकप्रियता का प्रमाण है। विकासखंड फिंगेश्वर के ग्राम सोरिद में दाऊ रमनलाल चंद्राकर के घर 1 जनवरी 1954 को जन्मे, बी. कॉम., एल.एल.बी. उच्च शिक्षित श्री अग्नि चंद्राकर ने व्यवसाय के रूप में कृषि को ही अपनाया। उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत सन् 1986 में हुई जब वे ग्राम पंचायत धनसुली के निर्विरोध सरपंच बने। सन् 1993 में महासमुंद विधानसभा क्षेत्र से प्रथम बार निर्वाचित हुए। इसके बाद सन् 1998 में पुनः महासमुंद के विधायक बने। सन् 2000 से 2003 तक भूमि विकास बैंक अध्यक्ष रहे। सन् 2008 में तृतीय बार महासमुंद विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए। सन् 2021 में अध्यक्ष, छ.ग. राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लि. रायपुर मनोनीत किए गए। साथ ही उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया था।
विधायक के रूप में श्री अग्नि चंद्राकर ने महासमुंद क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बिजली, सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित रहे। पासिद जलाशय, निसदा डायवर्सन सहित क्षेत्र की अधिकतर सिंचाई परियोजनाएं उनके प्रयासों से साकार हुई हैं। महासमुंद जिला निर्माण में उनका बड़ा योगदान रहा। यहां की जनता महासमुंद जिला की मांग कर रही थी, लेकिन 1998 में अविभाजित मध्यप्रदेश में नए जिलों का घोषणा हुई तो उसमें महासमुंद का नाम नहीं था। रायपुर को विभाजित कर धमतरी को जिला बनाया गया, लेकिन महासमुंद की मांग अनसुनी कर दी गई। जन-आकांक्षा की अनदेखी से क्षुब्ध श्री अग्नि चंद्राकर ने तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह को अपने विधायक पद से इस्तीफा भेजकर अपनी ही सरकार के खिलाफ अनवरत धरना में बैठ गए। सरकार को झुकना पड़ा और अंततः महासमुंद जिला निर्माण की घोषणा की गई।
महासमुंद जिला निर्माण के बाद सन् 1998 से 2006 तक वे कांग्रेस के प्रथम महासमुंद जिलाध्यक्ष भी रहे। कृषि उनका व्यवसाय था और बीज निगम अध्यक्ष के रूप में उन्होंने प्रदेश भर के किसानों के हित में कई कार्य किए। उनका निधन महासमुंद विधानसभा ही नहीं, सम्पूर्ण महासमुंद जिला और पूरे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक अग्नि चन्द्राकर के निधन पर व्यक्त किया शोक

महासमुंद के पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता अग्नि चन्द्राकर के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय श्री चन्द्राकर की आत्मा की शांति की प्रार्थना के साथ ही पीड़ित परिवारजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है।

Leave a Comment

Notifications