मनीष सरवैया वरिष्ठ पत्रकार महासमुंद। महासमुंद में आज मसीह समाज द्वारा पाम रविवार (खजूर रविवार) के उपलक्ष्य में एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह दिन ईसा मसीह के यरुशलम आगमन की स्मृति में मनाया जाता है, जब लोगों ने उनका स्वागत खजूर की डाली और कपड़े बिछाकर किया था। उसी परंपरा को जीवंत करते हुए, आज की शोभायात्रा में श्रद्धालु खजूर की पत्तियाँ लिए हुए, भक्ति गीतों और प्रार्थनाओं के साथ नगर में निकले।
इस शोभायात्रा की विशेषता यह थी कि इसमें बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोगों ने पारंपरिक वस्त्र पहनकर, भक्ति भाव से सजाई गई झांकियों के साथ प्रभु यीशु के जीवन प्रसंगों का प्रदर्शन किया। शोभायात्रा के मार्ग को फूलों और खजूर की डालियो व कपड़ों से सजाया गया था, जिससे सम्पूर्ण वातावरण आध्यात्मिक उल्लास से भर गया।
पाम रविवार ईसा मसीह के समर्पण, विनम्रता और बलिदान का प्रतीक है। यह दिन उनके क्रूस यात्रा की शुरुआत का संकेत देता है, जो मानवता के उद्धार के लिए किया गया महान कार्य था। यह शोभायात्रा समाज में प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश देती है और हमें सिखाती है कि सेवा और त्याग के मार्ग पर चलना ही सच्ची भक्ति है। इस आयोजन ने न केवल धार्मिक महत्त्व को उजागर किया, बल्कि समुदाय को एकजुट करने का भी कार्य किया।