कांकेर। कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र के ग्राम चावड़ी में एक बुजुर्ग का कंकाल मिला है। कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कंकाल की पहचान गांव के 70 वर्षीय लीलाराम साहू के रूप में की गई है, जो पिछले 10 दिनों से लापता थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, लीलाराम साहू रोजाना की तरह अपनी साइकिल लेकर घर से घूमने निकलते थे और कुछ समय बाद वापस लौट आते थे। लेकिन करीब 10 दिन पहले घर से निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस भी उनकी खोजबीन में जुट गई थी।
इसी दौरान घर से लगभग चार किलोमीटर दूर एक खेत में मानव कंकाल दिखाई देने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान कंकाल की पहचान लीलाराम साहू के रूप में की गई। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि बुजुर्ग किसी कारणवश खेत में गिर गए होंगे, जिससे उनकी मौत हो गई। लंबे समय तक शव खुले स्थान पर पड़े रहने के कारण वह कंकाल में तब्दील हो गया। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है।









