साइबर जागृति अभियान:   धमतरी पुलिस ने महिलाओं, छात्राओं, युवाओं एवं आम नागरिकों को स्मार्टफोन प्राइवेसी, ऑनलाइन ठगी और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की दी जानकारी

धमतरी। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग वर्गों को लक्षित कर साइबर अपराधों से बचाव एवं डिजिटल सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।

इसी क्रम में  12 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक  भावना पांडेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी कुरूद, एसडीओपी नगरी एवं डीएसपी साइबर के मार्गदर्शन में धमतरी पुलिस की टीमों द्वारा अभियान के चौथे सप्ताह के अंतर्गत महिलाओं, छात्राओं, युवाओं एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

जिलेभर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम

धमतरी पुलिस द्वारा अर्जुनी, रुद्री, कुरूद, करेली बड़ी, केरेगांव, अकलाडोंगरी, नगरी, सिहावा, दुगली, मेचका, बोराई, बिरेझर एवं भखारा सहित विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने सीधे आमजन के बीच पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

रुद्री के पॉलिटेक्निक कॉलेज, गंगरेल एवं नवागांव, कुरूद के बाजार एवं बस स्टैंड, करेली बड़ी के विभिन्न स्थानों तथा बोराई साप्ताहिक बाजार सहित ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में 1,000 से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की।

इस दौरान छात्र-छात्राओं, महिलाओं, व्यापारियों एवं ग्रामीणों को ATM फ्रॉड, फर्जी कॉल, OTP ठगी, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी लिंक एवं वेबसाइट तथा लोन फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों के तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी गई।

महिलाओं एवं छात्राओं को स्मार्टफोन प्राइवेसी की विशेष जानकारी
अभियान के चौथे सप्ताह में “स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सुरक्षित ब्राउज़िंग” विषय पर विशेष जागरूकता दी गई। महिलाओं एवं छात्राओं को स्मार्टफोन की प्राइवेसी सेटिंग्स सुरक्षित रखने, मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा बढ़ाने तथा इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।

साथ ही ऑनलाइन उत्पीड़न, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल एवं अन्य साइबर अपराधों की स्थिति में तत्काल शिकायत करने और स्वयं को सुरक्षित रखने के उपाय भी बताए गए।

गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें
धमतरी पुलिस ने नागरिकों को विशेष रूप से समझाइश दी कि OTP, UPI PIN, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाता विवरण, पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयर न करें और किसी के कहने मात्र से ऑनलाइन राशि ट्रांसफर न करें। परिचित अथवा दोस्त के नाम से पैसे मांगे जाने पर पहले व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर इसकी पुष्टि करने की सलाह दी गई।

साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी अथवा ऑनलाइन अपराध का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही संबंधित थाना/साइबर सेल को सूचना दें तथा National Cyber Crime Reporting Portal के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।
समय पर शिकायत मिलने से ठगी गई राशि को रोकने एवं आवश्यक कानूनी कार्यवाही के लिए प्रभावी प्रयास किए जा सकते हैं।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment