कुरुद। ग्राम बगदेही में गुरुवार को चाकूबाजी के आरोपी को पकड़कर ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले किया, पर पुलिस अभिरक्षा में रहते हुए आरोपी हाथ छुड़ाकर फरार हो गया। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फ़ैल गया और उन्होंने पुलिस कर्मियों को घेर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार शाम करीब 7 बजे ताम्रध्वज साहू रस्ते में गाली गलौज कर रहा था। दीपक कुमार यादव ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने अपने पास रखे धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की दीपक ने बचाव किया, लेकिन उनके हाथ में चोट लग गई। मौके पर भीड़ जुट गई और ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुँचने पर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस आरोपी को थाने ने जाने के लिए पैदल आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस कर्मियों का हाथ झटक दिया और फरार हो गया। आरोपी के भागने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फ़ैल गया। ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों को घेरकर आरोपी की गिरफ़्तारी की मांग की।
थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर ने बताया कि युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। आरोपी पुलिस का हाथ झटक कर फरार हो गया है। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और तलाश जारी है।









