आरंग। राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनौद में चरित्र शंका और अवैध संबंध के शक के चलते एक किराएदार ने अपने ही मकान मालिक की गला घोंटकर से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच में पुलिस जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पुरुषोत्तम धीवर पिछले एक-दो सालों से मृतक वेद राम साहू के मकान में किराए से रहकर ऑटो पार्ट्स की दुकान चला रहा था। इसी दौरान मकान मालिक वेद राम साहू को अपनी पत्नी के साथ किराएदार पुरुषोत्तम के अवैध संबंध होने का गहरा शक हो गया था। पत्नी पर चरित्र शंका को लेकर मकान मालिक वेद राम साहू और किराएदार पुरुषोत्तम के बीच अक्सर कहासुनी और तनाव की स्थिति बनी रहती थी। वेद राम साहू आए दिन आरोपी के साथ गाली-गलौज और विवाद करता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट में बदल गई। आवेश में आकर आरोपी पुरुषोत्तम धीवर ने मकान मालिक वेद राम साहू का गला कसकर दबा दिया, जिससे दम घुटने के कारण वेद राम साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना आज सुबह लगभग 11:30 बजे राखी थाना पुलिस को मिली। सूचना पाते ही पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। क्राइम सीन का मुआयना करने और आसपास के प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर आरोपी पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।










