Dhamtari: शांति समिति की बैठक में बनी सहमति, त्योहारों को लेकर प्रशासन ने तय किए नए इंतजाम

मकई चौक में नहीं लगेगा मंच-पंडाल, गांधी मैदान में होगा डीजे, धरना और पुतला दहन

त्योहारों पर सदर बाजार में लागू होगी एकतरफा यातायात व्यवस्था, कोलाहल अधिनियम का पालन जरूरी

धमतरी। आगामी त्योहारों और महत्वपूर्ण आयोजनों को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में त्योहारों के दौरान यातायात, ध्वनि प्रदूषण, सार्वजनिक स्थानों के उपयोग और आयोजनों की अनुमति को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि जिले में कोई भी बड़ा आयोजन सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना आयोजित नहीं किया जाएगा। मकई चौक में मंच एवं पंडाल नहीं लगाए जाएंगे। वहीं धरना तथा पुतला दहन जैसे कार्यक्रमों के लिए गांधी मैदान निर्धारित करने पर सहमति बनी।

त्योहारों एवं अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सदर बाजार में एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू करने का भी निर्णय लिया गया, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
बैठक में महापौर श्री रोहरा ने दशहरा तथा अगले वर्ष जन्माष्टमी के आयोजन परेड ग्राउंड में कराने की बात कही, जिस पर सभी ने अपनी सहमति दी, जिससे प्रमुख आयोजनों को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
अधिकारियों ने सभी सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से आयोजन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की। विशेष रूप से कोलाहल अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित समय और सीमा के भीतर उपयोग करने पर जोर दिया गया।
बैठक में महापौर रामू रोहरा, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पटेल, एसडीएम  पीयूष तिवारी सहित सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment