पॉडकास्ट स्टूडियो से स्थानीय प्रतिभाओं, विचारों और संस्कृति को मिलेगी नई पहचान
कंटेंट क्रिएशन और डिजिटल मीडिया युवाओं के लिए कौशल विकास एवं रोजगार की नई संभावनाओं का क्षेत्र : विधायक अजय चंद्राकर
धमतरी। बदलते डिजिटल दौर में युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने तथा स्थानीय संस्कृति, विचारों और उपलब्धियों को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में कुरूद में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित पॉडकास्ट स्टूडियो का शुभारंभ किया गया। अजय फाउंडेशन में आयोजित कार्यक्रम में कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने पॉडकास्ट स्टूडियो का शुभारंभ किया। हाई-क्वालिटी ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग सुविधाओं और आधुनिक डिजिटल सेटअप से युक्त यह स्टूडियो युवाओं, विद्यार्थियों, विशेषज्ञों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, कलाकारों, कंटेंट क्रिएटर्स तथा स्थानीय प्रतिभाओं को अपने विचार और अनुभव प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का मंच प्रदान करेगा। यहां सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक, पर्यटन, खेल, उद्यमिता, रोजगार और स्थानीय विकास सहित विभिन्न विषयों पर संवाद एवं डिजिटल सामग्री तैयार की जा सकेगी।
तकनीक को संवाद, ज्ञान और रचनात्मकता का माध्यम बनाएं : अजय चंद्राकर
विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और इसके साथ संवाद के माध्यम भी लगातार बदल रहे हैं। आज डिजिटल प्लेटफॉर्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विचारों, ज्ञान, संस्कृति और प्रतिभाओं को व्यापक समाज तक पहुंचाने का प्रभावी साधन बन चुके हैं। युवाओं में प्रतिभा और विचारों की कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें अपनी क्षमता सामने लाने के लिए उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की है। कुरूद में शुरू किया गया पॉडकास्ट स्टूडियो इसी दिशा में एक पहल है।
उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र की पहचान केवल वहां हुए विकास कार्यों से नहीं बनती, बल्कि वहां की सोच, भाषा, संस्कृति, परंपराओं और लोगों की जीवनशैली से भी बनती है। स्थानीय लोग अपने क्षेत्र और समाज के भविष्य को लेकर क्या सोचते हैं, उनकी कहानियां, अनुभव और उपलब्धियां क्या हैं—इन सबको सामने लाना जरूरी है। डिजिटल माध्यम इसके लिए प्रभावी मंच बन सकता है।
श्री चंद्राकर ने कहा कि कंटेंट क्रिएशन, वीडियो निर्माण, पॉडकास्टिंग, स्क्रिप्ट राइटिंग, एंकरिंग और डिजिटल एवं सोशल मीडिया कम्युनिकेशन जैसे क्षेत्र आने वाले समय में युवाओं के लिए नए कौशल और करियर के अवसर उपलब्ध करा सकते हैं। युवाओं को केवल पारंपरिक रोजगार के विकल्पों तक सीमित रखने के बजाय बदलते रोजगार परिवेश और डिजिटल अर्थव्यवस्था की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना समय की मांग है।
उन्होंने युवाओं से तकनीक का उपयोग सकारात्मक संवाद, ज्ञान, रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने के लिए करने का आह्वान किया। साथ ही पारंपरिक हुनर और स्थानीय प्रतिभाओं को आधुनिक तकनीक तथा बाजार की जरूरतों से जोड़ने पर जोर दिया, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को अपने ही क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।
पर्यटन और स्थानीय संस्कृति को मिलेगा डिजिटल मंच
विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि धमतरी जिला पर्यटन की दृष्टि से व्यापक संभावनाओं वाला क्षेत्र है। गंगरेल सहित विभिन्न जलाशय, पहाड़ी क्षेत्र, धार्मिक स्थल, वन एवं जैव विविधता, आदिवासी संस्कृति, स्थानीय व्यंजन और ग्रामीण जीवन पर्यटकों तथा कंटेंट क्रिएटर्स के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं। इन विशेषताओं को रचनात्मक ढंग से डिजिटल माध्यम पर प्रस्तुत कर क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों के विकास और प्रचार-प्रसार से स्थानीय युवाओं के लिए पर्यटन गाइड, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, वीडियो एडिटिंग, स्थानीय खान-पान, हस्तशिल्प, होम-स्टे और स्थानीय परिवहन जैसे क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर विकसित हो सकते हैं।
स्थानीय इतिहास और लोक परंपराओं के संरक्षण में भी उपयोगी होगा स्टूडियो
पॉडकास्ट स्टूडियो के माध्यम से कुरूद और आसपास के क्षेत्रों की लोक कला, लोक परंपराओं, इतिहास, सामाजिक स्मृतियों, ग्रामीण नवाचारों और प्रेरणादायी व्यक्तित्वों से जुड़ी कहानियों को डिजिटल रूप में दस्तावेजीकृत किया जा सकेगा। श्री चंद्राकर ने कहा कि क्षेत्र का स्थानीय इतिहास और लोक-स्मृति अब तक काफी हद तक मौखिक परंपरा के रूप में आगे बढ़ती रही है। इन्हें डिजिटल माध्यम से सुरक्षित करना आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हो सकता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह डिजिटल मंच केवल युवाओं की अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं रहेगा, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं, संस्कृति और क्षेत्रीय पहचान को व्यापक मंच तक पहुंचाने का माध्यम भी बनेगा।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर, राहुल महावर, अनिल चंद्राकर, राजकुमार बजाज, रविकांत चंद्राकर, डॉ. प्रदीप हिशीकर, मनीष अग्रवाल, इमरान बेग, प्रसन्न नायडू, हरिशंकर सोनवानी सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।









