बालोद। जिले के सनौद थाना क्षेत्र में किसानों से धान खरीदी के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने किसानों को बाजार भाव से अधिक कीमत देने का झांसा देकर धान खरीदा, लेकिन रकम का भुगतान नहीं किया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी मयंक जैन उर्फ दीपक अग्रवाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने ग्राम बोहारा, डोटोपार और अरकार क्षेत्र के करीब 19 किसानों को बाजार भाव से अधिक कीमत देने का लालच दिया। उसने किसानों से रबी/गर्मी फसल का धान खरीदा और 1-2 दिन के भीतर भुगतान करने का आश्वासन दिया। आरोप है कि धान लेने के बाद आरोपी ने किसानों को उनकी उपज की कुल 21 लाख 37 हजार 745 रुपये की रकम का भुगतान नहीं किया। किसानों की शिकायत के बाद सनौद थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी मूल रूप से ग्राम नांहदा, थाना देवरी, जिला बालोद का रहने वाला है। धोखाधड़ी के बाद वह पुलिस से बचने के लिए अपना ठिकाना बदलकर राजनांदगांव जिले के घुमका में किराये के मकान में रह रहा था। बताया गया कि आरोपी वहां ‘महालक्ष्मी वस्त्रालय’ नाम से कपड़े की दुकान संचालित कर रहा था। वह करीब दो महीने से घुमका में रह रहा था और पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग नाम व पते का इस्तेमाल कर रहा था।
आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस ने साइबर सेल बालोद से तकनीकी मदद ली। साथ ही पुलिस के मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। आरोपी के घुमका में छिपे होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे हिरासत में लिया और सनौद थाने लाकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने किसानों से धान खरीदकर रकम का भुगतान नहीं करने की बात स्वीकार की।









