कुकरेल में लगा ‘सेवा सेतु अभियान— सरकार आपके द्वार’ शिविर, 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को मिली योजनाओं की जानकारी, 43 आवेदन प्राप्त, 26 का मौके पर निराकरण

धमतरी। शासन के निर्देशानुसार जिले में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं को ग्रामीणों के घर-द्वार तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत तहसील स्तरीय शिविर का आयोजन आज ग्राम पंचायत कुकरेल में किया गया। शिविर में क्लस्टर से जुड़े 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी मांग, समस्या और आवश्यकताओं से अधिकारियों को अवगत कराया।

शिविर में कुकरेल, सलोनी, दरगहन, छूही, बनबगौद, कांटाकुरीडीह, माकरदोना, सियादेही, कुम्हड़ा, भोथापारा, बाजारकुर्रीडीह, झुरातराई, केरेगांव, डोकाल, सियारीनाला, चनांगांव, बगरूमनाला एवं खैरभरी ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। शिविर में मांग एवं शिकायत से संबंधित कुल 43 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 26 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजा गया।

योजनाओं की जानकारी के साथ हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

शिविर में विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की।

राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना के तहत विभिन्न ग्रामों के हितग्राहियों को स्वामित्व कार्ड वितरित किए गए। इनमें ग्राम झुरातराई के श्री टोमन सहित 37 हितग्राही, जरहाखार के श्री परमेंद्र सहित 22, अमलीपारा के श्री धिराज सहित 51, कुम्हड़ा के श्री भागीरथी सहित 17 तथा बनरौद के श्री सुदर्शन सहित 49 हितग्राही शामिल हैं। इसके अलावा ग्राम झुरातराई के श्री नूतन, श्रीमती केशरीनंदा ध्रुव एवं श्री पवन सूर्यवंशी को अस्थायी जाति प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 3 कुपोषित बच्चों एवं 2 गर्भवती महिलाओं को सुपोषण किट प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत पूर्ण हो चुके 5 आवासों की चाबी हितग्राहियों को सौंपी गई।

ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान प्रशासन की प्राथमिकता

कार्यक्रम में जिला पंचायत धमतरी के अध्यक्ष  अरुण सार्वा ने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सार्थक है, जब वह पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होती है और उनकी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव होता है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण शिविर में अपनी समस्याओं और मांगों को खुलकर अधिकारियों के समक्ष रखें तथा शासन की योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाएं। उन्होंने अधिकारियों से भी कहा कि प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में अनावश्यक कठिनाई न हो।

प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बना सीधा संवाद

‘सरकार आपके द्वार’ शिविर में विभागीय अधिकारियों ने केवल योजनाओं की जानकारी ही नहीं दी, बल्कि ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं को भी जाना। विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर उनके निराकरण की प्रक्रिया बताई गई।
शिविर में अनुविभागीय अधिकारी नगरी प्रीति दुर्गम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नगरी नारद मांझी, तहसीलदार कुकरेल ख्याति कंवर, जिला शिक्षा अधिकारी  आर.एस. नेताम, एआई एवं टीओ श्री गंगेले, जनप्रतिनिधिगण एवं विभिन्न विभागों के जिला तथा विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनपद पंचायत सदस्य  चन्द्रकला साहू एवं  अजय ध्रुव, सरपंच कुकरेल  ओमकार नेताम, सचिव  लक्ष्मी साहू सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं पंचगण भी मौजूद रहे।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं, योजनाओं की जानकारी और आवेदन निराकरण की सुविधा मिलने से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रशासन को जन-जन के करीब लाने की पहल को मजबूती मिली।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment