सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के 86 आंगनबाड़ी केन्द्रों में आयोजित हुआ आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम

बच्चों, महिलाओं एवं समुदाय की सहभागिता से गुणवत्तापूर्ण पोषण, स्वास्थ्य और संस्कार का दिया गया संदेश

धमतरी। सेवा, संवेदना और जनभागीदारी को केंद्र में रखकर संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज धमतरी जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ के माध्यम से सामुदायिक सहभागिता की जीवंत तस्वीर देखने को मिली। बच्चों की खिलखिलाहट, महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं के समर्पित प्रयासों से जिले के 86 आंगनबाड़ी केन्द्रों में गुणवत्तापूर्ण सेवाओं, पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और बाल विकास के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आंगनबाड़ी केन्द्रों को बच्चों और महिलाओं के लिए सेवाओं की सहज उपलब्धता के साथ-साथ परिवार और समुदाय को जोड़ने वाले प्रभावी मंच के रूप में विकसित करना रहा। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभागीय अमले, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों, बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिले के मगरलोड, कुरूद, धमतरी शहरी, धमतरी ग्रामीण एवं नगरी क्षेत्र के कुल 86 आंगनबाड़ी केन्द्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का उद्देश्य आंगनबाड़ी केन्द्रों को बच्चों, महिलाओं और समुदाय के लिए पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जागरूकता की प्रभावी गतिविधियों का केन्द्र बनाना तथा विभागीय सेवाओं से हितग्राहियों को अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ना रहा।

आंगन मिलन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों, बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रमों के दौरान बच्चों के लिए खेल-आधारित एवं रचनात्मक गतिविधियां, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, स्वच्छता, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा समुदाय की भूमिका जैसे विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों में आयोजित कार्यक्रमों में कुल 4 हजार 173 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। इनमें 541 बच्चे, 1 हजार 28 महिलाएं तथा 1 हजार 930 पुरुष शामिल रहे। कार्यक्रमों के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को उनके सतत योगदान और सेवाभाव के लिए सम्मानित भी किया गया। इससे मैदानी स्तर पर कार्यरत महिला एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन हुआ।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केन्द्रों को केवल पोषण वितरण के केन्द्र के रूप में नहीं, बल्कि बाल विकास, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के सामुदायिक केन्द्र के रूप में सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत इस प्रकार की गतिविधियों से विभागीय सेवाओं की पहुंच अंतिम पंक्ति के हितग्राहियों तक सुनिश्चित करने के साथ समुदाय की सक्रिय भागीदारी को भी बढ़ावा मिल रहा है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment