कुरुद। गंगरेल बांध के 14 गेट खुलने के बाद महानदी उफान पर है और निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन की ओर से लगातार मुनादी कर लोगों को नदी-नालों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की चेतावनी दी जा रही है। इसी बीच कुरूद ब्लॉक के ग्राम नारी में बाढ़ के पानी के साथ शराब की बोतलें बहने लगीं। इन्हें पकड़ने के लिए नारी पुल पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए।
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राजस्व अमला और ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी करने वाला अमला लगातार लोगों को सतर्क कर रहा है। नदी-नालों के तेज बहाव से दूर रहने और अनावश्यक रूप से पानी के नजदीक नहीं जाने की अपील की जा रही है।
इसके बावजूद नारी पुल पर बड़ी संख्या में लोगों का पहुंचना सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय बन गया। बाढ़ के दौरान पानी का बहाव और जलस्तर अचानक बदल सकता है। ऐसे में बहती बोतलों को पकड़ने के लिए पानी के करीब जाना हादसे का कारण बन सकता है।










