बोईरडीह जलाशय से आड़ेझर गांव में पेयजल आपूर्ति की मांग, ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू

बालोद। बोईरडीह जलाशय से आड़ेझर गांव में पेयजल आपूर्ति की मांग को लेकर ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन आंदोलन शनिवार को चक्काजाम के साथ शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में ग्रामीण महामाया माइंस जाने वाले मुख्य मार्ग पर सड़क पर बैठ गए हैं। इसके चलते माइंस क्षेत्र में आयरन ओर के परिवहन पर असर पड़ा। महामाया, दुलकी एवं कलवर माइंस से खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।

ग्रामीणों का कहना है कि आड़ेझर लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहा है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए बोईरडीह जलाशय से पाइपलाइन के माध्यम से गांव तक पानी पहुंचाने की मांग की जा रही है। ग्रामीणों ने 23 सितंबर को बीएसपी प्रबंधन और एसडीएम डौंडी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया था। ग्रामीणों के अनुसार ज्ञापन के बाद भी कोई ठोस पहल नहीं होने पर उन्हें सड़क पर उतरकर आंदोलन शुरू करना पड़ा।

शनिवार को करीब दोपहर 1 बजे तहसीलदार देवेंद्र नेताम और बीएसपी के अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलनरत ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं जानीं। ग्रामीणों के अनुसार तहसीलदार ने कहा कि पेयजल समस्या के समाधान के लिए पीएचई विभाग से चर्चा की जाएगी और समस्या का निराकरण कराने का प्रयास किया जाएगा।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment