Dhamtari: सेवा संकल्प अभियान: मैदान में खिले एकलव्य प्रतिभाओं के रंग, आठ जिलों के 340 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

ईएमआरएस पथर्रीडीह में क्लस्टर स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन, सीईओ जिला पंचायत श्री जयंत नाहटा ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) पथर्रीडीह में 25 एवं 26 सितंबर को आयोजित क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के आठ जिलों के करीब 340 विद्यार्थी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। दो दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न खेल एवं एथलेटिक्स स्पर्धाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धा, अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल को निखारने का अवसर मिल रहा है।

प्रतियोगिता में ईएमआरएस पथर्रीडीह (धमतरी), ईएमआरएस कोसमबुड़ा एवं मेनपुर (गरियाबंद), ईएमआरएस पेंड्री (राजनांदगांव), ईएमआरएस सोनाखान (बलौदाबाजार), ईएमआरएस तारेगांव जंगल (कबीरधाम), ईएमआरएस बोरिंग (महासमुंद) तथा ईएमआरएस डौंडी (बालोद) के विद्यार्थी शामिल हुए हैं।

प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत धमतरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  जयंत नाहटा एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग  विमल कुमार साहू ने फीता काटकर किया। अतिथियों ने विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

खेल से विकसित होता है अनुशासन और नेतृत्व

इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत  जयंत नाहटा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे आगे बढ़ाने के लिए इस तरह के मंच महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि प्रतियोगिता में जीत और हार दोनों स्वाभाविक हैं, लेकिन प्रत्येक खिलाड़ी को पूरी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों को परिणाम की चिंता किए बिना अपने खेल कौशल को बेहतर बनाने और अनुभव से सीखने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों के साथ खेला टेबल टेनिस, बढ़ाया मनोबल

कार्यक्रम के दौरान श्री नाहटा ने विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनसे सहज संवाद किया और उनकी खेल रुचियों तथा प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी ली। विद्यार्थियों के उत्साह को देखते हुए उन्होंने उनके साथ टेबल टेनिस भी खेला। सीईओ के साथ खेलकर विद्यार्थी विशेष रूप से उत्साहित नजर आए। इस दौरान विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों और विद्यार्थियों के बीच उत्साह, उमंग और खेल भावना का सकारात्मक वातावरण बना रहा।

विभिन्न खेलों में प्रतिभा दिखा रहे खिलाड़ी

क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिता में खो-खो, कबड्डी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, शतरंज, योग और टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। वहीं एथलेटिक्स के अंतर्गत 100 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1600 मीटर, 3 किलोमीटर एवं 5 किलोमीटर दौड़, हर्डल रेस, लंबी कूद तथा ऊंची कूद जैसी स्पर्धाओं में भी विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रतिभा को मंच और प्रतिस्पर्धा को अवसर

दो दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से आए विद्यार्थियों को एक-दूसरे के साथ प्रतिस्पर्धा करने के साथ ही नई तकनीक और खेल कौशल सीखने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ उन्हें भविष्य की उच्च स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है। खेल मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रतियोगिता को जीवंत बना रहा है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment