धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के युवाओं, विद्यार्थियों और नवाचारियों की रचनात्मक सोच को स्थानीय समस्याओं के समाधान से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (DTIC) के माध्यम से जिला स्तरीय शिक्षा, उद्यमिता एवं स्टार्टअप विकास कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों के माध्यम से युवाओं को अपने नए विचारों, तकनीकी समाधानों, उत्पादों और सेवाओं को व्यापक मंच तक पहुंचाने के लिए मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इसी क्रम में 29 सितंबर को दोपहर 12 बजे महामाया कृषि महाविद्यालय, धमतरी में जिला स्तरीय विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। सत्र में प्रतिभागियों को नवाचार की पहचान, आइडिया विकसित करने, स्टार्टअप के रूप में आगे बढ़ाने, प्रभावी प्रस्तुतीकरण तथा चैलेंज में पंजीयन की प्रक्रिया के संबंध में विशेषज्ञ मार्गदर्शन दिया जाएगा।
स्थानीय समस्याओं के समाधान को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का मंच
‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ का उद्देश्य स्थानीय एवं सार्वजनिक समस्याओं के लिए नवाचारी समाधान, तकनीक, उत्पाद एवं सेवाओं को प्रोत्साहित करना है। चैलेंज में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गोवा तथा दमन एवं दीव क्षेत्र शामिल हैं। इसमें विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं एवं फैकल्टी, स्टार्टअप्स, MSMEs एवं उद्योगों, व्यक्तिगत नवाचारियों तथा सामाजिक उद्यमों एवं संस्थानों की सहभागिता की जा सकती है। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े Cross-sector Innovations भी प्रस्तुत किए जा सकते हैं।
चैलेंज के अंतर्गत 10 Innovation Sectors में 50 Awardees के लिए कुल 5 करोड़ रुपये के पुरस्कार का प्रावधान है। प्रत्येक विजेता के लिए 10 लाख रुपये का पुरस्कार निर्धारित है। इसके साथ ही प्रतिभागियों को Zonal Recognition, Exposure तथा Expert एवं Industry Networking जैसे अवसर भी प्राप्त होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 निर्धारित है।
कृषि से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक नवाचार के अवसर
चैलेंज में Agriculture, Law & Order, Women & Child, Urban Development, Health & Medical, Defence, Sustainability, Infrastructure & Mobility, Emerging Technologies तथा Education & Employability जैसे 10 प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं। इस प्रकार कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पर्यावरण, नगरीय सुविधाओं, परिवहन, रोजगार तथा उभरती तकनीकों से संबंधित स्थानीय समस्याओं के लिए विकसित किए गए अभिनव समाधान इसमें प्रस्तुत किए जा सकते हैं।
विशेषज्ञ बताएंगे आइडिया को समाधान और स्टार्टअप में बदलने का रास्ता
29 सितंबर को आयोजित होने वाले विशेष सत्र में छत्तीसगढ़ औद्योगिक नीति 2024-2030, छत्तीसगढ़ नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-2030 सहित Problem Identification, Idea Generation, Startup Mentoring, Idea Pitching एवं Challenge Registration की प्रक्रिया पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन दिया जाएगा। DTIC के अधिकारियों के साथ जिला स्तरीय शिक्षा, उद्यमिता एवं स्टार्टअप विकास कार्यक्रम के अंतर्गत नोडल समन्वयन एवं प्रशिक्षण एजेंसी CGS Network के विशेषज्ञ प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले के युवाओं की प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता को केवल विचार तक सीमित न रखते हुए उन्हें समस्या की पहचान से समाधान के विकास, प्रोटोटाइप निर्माण, उद्यमिता और बाजार तक पहुंच की दिशा में आवश्यक मार्गदर्शन एवं अवसर उपलब्ध कराया जाए। इससे स्थानीय आवश्यकताओं पर आधारित नवाचारों को प्रोत्साहन मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर भी विकसित हो सकेंगे।
युवाओं से नवाचार को जनसेवा से जोड़ने की अपील
जिला प्रशासन ने जिले के विद्यार्थियों, युवाओं, शोधकर्ताओं, स्टार्टअप्स, MSMEs, व्यक्तिगत नवाचारियों एवं सामाजिक उद्यमों से अपील की है कि वे अपने आसपास की समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान के लिए विकसित किए गए नए विचारों, तकनीकी समाधानों, उत्पादों अथवा सेवाओं को ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से सामने लाएं। सेवा संकल्प अभियान के मूल भाव के अनुरूप नवाचार को जनसेवा और स्थानीय विकास से जोड़ने की दिशा में युवाओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।
जिला स्तरीय सत्रों में सहभागिता के लिए युवा धमतरी पोर्टल पर पंजीयन किया जा सकता है। अधिक जानकारी, तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहायता के लिए +91 93017 27212 पर संपर्क किया जा सकता है।
चैलेंज एवं पंजीयन संबंधी जानकारी के लिए sevainnovationchallenge.in पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। आगामी Innovation Challenges एवं Startup Opportunities की जानकारी के लिए Startup Dhamtari WhatsApp Group से भी जुड़ा जा सकता है।
कार्यक्रम के संबंध में इच्छुक प्रतिभागी जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (DTIC), धमतरी के महाप्रबंधक एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी लोकपाल खांडेकर (+91 83032 85157) तथा प्रबंधक प्रशांत चंद्राकर (+91 81037 18222) से संपर्क कर सकते हैं।









