विश्व पर्यटन दिवस पर धमतरी के पर्यटन केंद्रों में सेवा संकल्प से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

धमतरी। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत धमतरी जिले के विभिन्न पर्यटन केंद्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटकों के स्वागत से जुड़ी विविध गतिविधियां आयोजित की गईं। पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के साथ ही पर्यटकों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया। जिले की पर्यटन समितियों ने इस अवसर पर “स्वच्छ पर्यटन, हरित पर्यटन और सुरक्षित पर्यटन” का संकल्प लेकर पर्यटन को जनभागीदारी से जोड़ने की पहल की।

इसी क्रम में मेंचका स्थित श्री मुचकुंद ऋषि पर्यटन सहकारी समिति मर्यादित द्वारा इको पार्क, शिव मंदिर तथा बांध के नीचे के पर्यटन क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। समिति के सदस्यों ने क्षेत्र की साफ-सफाई कर प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट एकत्र किए और पर्यटन स्थल को प्लास्टिक मुक्त रखने का संदेश दिया। समिति के संरक्षक एवं ग्राम पंचायत सरपंच श्री जीवनलाल नाग, संरक्षक श्री जोहान नेताम सहित संतोष ठाकुर, शोभलाल सिन्हा, नरेंद्र नेताम, शांतनु धुर्वा, गोलू सेन, मुकेश यादव, निमेश, राकेश, अंगद, इंद्र सेन, हेलन, डायमंड, शुभम सहित अन्य सदस्य अभियान में शामिल हुए।

पर्यटन समिति द्वारा मेचका पहुंचने वाले पर्यटकों का आत्मीय स्वागत गुलाल तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर किया गया। पर्यटकों को पर्यटन क्षेत्र को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। समिति के सदस्यों ने पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

इसी तरह गंगरेल सहित जिले के विभिन्न पर्यटन केंद्रों में भी विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर स्वच्छता, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण, शपथ और पर्यटकों के स्वागत की गतिविधियां आयोजित की गईं। गंगरेल स्थित ग्रीन एडवेंचर पार्क एवं रिसॉर्ट में आने वाले पर्यटकों का स्वागत कर उन्हें धमतरी की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने का संदेश दिया गया।

विश्व पर्यटन दिवस पर जिले की सभी पर्यटन समितियों ने पर्यटकों का स्वागत करते हुए यह संदेश दिया कि प्रकृति हमारी धरोहर है और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक और पर्यटक की साझा जिम्मेदारी है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से धमतरी में पर्यटन को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जोड़ने की यह पहल जिले को एक स्वच्छ, हरित और जिम्मेदार पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment