Dhamtari: 28 सितंबर को जिले में मेगा रक्तदान एवं सेवा सेतु शिविर

धमतरी। सेवा, संवेदना और जनभागीदारी को केंद्र में रखकर संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 28 सितंबर को धमतरी जिले में विभिन्न स्थानों पर मेगा रक्तदान शिविर और सेवा सेतु शिविर ‘सरकार आपके द्वार’ का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने के साथ ही शासन की सेवाओं और योजनाओं का लाभ उनके नजदीक उपलब्ध कराने तथा जनसमस्याओं के निराकरण की पहल की जाएगी।

जिले में पांच स्थानों पर मेगा रक्तदान शिविर

मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन 28 सितंबर को सुबह 10 बजे से किया जाएगा। जिले में इसके लिए जिला अस्पताल धमतरी, सिविल अस्पताल कुरूद, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड, पुलिस लाइन धमतरी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरा में शिविर लगाए जाएंगे।

इन शिविरों में नागरिक, युवा, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य इच्छुक लोग सहभागिता कर स्वैच्छिक रक्तदान कर सकेंगे। रक्तदान को जीवन बचाने वाली महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से शिविरों में पहुंचकर सहभागिता की अपील की गई है।

दो स्थानों पर लगेगा ‘सेवा सेतु शिविर—सरकार आपके द्वार’

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु शिविर—सरकार आपके द्वार’ का आयोजन भी 28 सितंबर को सुबह 10 बजे से किया जाएगा। ये शिविर गट्टासिल्ली, विकासखंड नगरी तथा मथुराडीह, धमतरी में आयोजित होंगे।

शिविरों में नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ पात्र हितग्राहियों के आवेदन, समस्याओं एवं आवश्यकताओं का मौके पर निराकरण करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों को शासन की सेवाओं से जोड़ेंगे।

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में ‘सेवा, संवेदना और जनभागीदारी’ की भावना को मजबूत करते हुए प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

मुख्यमंत्री ने सुकमा जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, पीड़ित परिवारों से मिलकर जाना हाल, बाढ़ प्रभावित करीब 300 परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से मिलेंगे 10-10 हजार रुपये अतिरिक्त