धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देश पर धमतरी पुलिस द्वारा जिले में अवैध तस्करी एवं असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना मेचका पुलिस ने मुखबिर सूचना के आधार पर बड़ी कार्यवाही करते हुए जंगल के रास्ते ओडिशा के नवरंगपुर क्षेत्र स्थित कत्लखाने ले जाए जा रहे 32 गोवंश को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया तथा मौके से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना मेचका को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति बड़ी संख्या में मवेशियों को बिना पर्याप्त चारा-पानी दिए तथा क्रूरतापूर्वक हांकते हुए ग्राम अरसीकन्हार से खालगढ़ मार्ग होते हुए नवरंगपुर (ओडिशा) की ओर ले जा रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना मेचका पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए अरसीकन्हार-खालगढ़ मार्ग पर नहर से लगभग 500 मीटर आगे जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की गई। पुलिस टीम ने मौके पर आरोपी घनश्याम सेन, देवशरण,ओंकार ठाकुर को बड़ी संख्या में गोवंश को हांकते हुए पकड़ा। पूछताछ एवं मौके की कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 32 नग गोवंश बरामद हुए, जिन्हें सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।









