Dhamtari : वरिष्ठजनों के अनुभव और योगदान को सम्मान देने जिला स्तरीय वरिष्ठ जन दिवस कार्यक्रम 2 अक्टूबर को

सेवा संकल्प अभियान के तहत मेनोनाइट हायर सेकेण्डरी इंग्लिश मीडियम स्कूल में होगा आयोजन

धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को वरिष्ठ जन दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिला प्रशासन धमतरी द्वारा मेनोनाइट हायर सेकेण्डरी इंग्लिश मीडियम स्कूल, धमतरी में जिला स्तरीय वरिष्ठ जन दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम पूर्वाह्न 11.00 बजे से शुरू होगा ।

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को सुदृढ़ करना तथा उनके अनुभव, ज्ञान और जीवन मूल्यों को नई पीढ़ी से जोड़ना है। कार्यक्रम में वरिष्ठजनों के सम्मान के साथ उनके कल्याण, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा तथा शासन की वरिष्ठ नागरिक हितैषी योजनाओं एवं सेवाओं के संबंध में जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विभिन्न विभागों के समन्वय से वरिष्ठजनों की आवश्यकताओं के अनुरूप सेवा एवं सहायता संबंधी गतिविधियों को भी शामिल किया जाएगा।

कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने कार्यक्रम के सफल एवं गरिमामयी आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को विभागवार दायित्व सौंपे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रम में वरिष्ठजनों की गरिमा, सुविधा और सम्मान का विशेष ध्यान रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र वरिष्ठजनों तक पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के निराकरण के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा वरिष्ठ जन दिवस को केवल सम्मान समारोह तक सीमित न रखते हुए वरिष्ठजनों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने के अवसर के रूप में मनाया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठजनों के जीवन अनुभवों को समाज की अमूल्य धरोहर के रूप में रेखांकित करते हुए नई पीढ़ी को उनके प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा।

जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम में आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment