बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान दो श्रमिकों की मौत, कनिष्ठ अभियंता निलंबित , हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पाकरगांव में बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में दो श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीडि़त परिवारों के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री श्री साय के निर्देश पर हादसे में जान गंवाने वाले दोनों श्रमिकों के परिजनों को 15-15 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन को पीडि़त परिवारों को हर आवश्यक सहायता तत्परता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

बता दे कि पाकरगांव में मजदूर ट्रैक्टर की मदद से पुराने पोल की जगह नया लोहे का पोल लगा रहे थे। इसी दौरान पोल ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन से छू गया। लाइन के संपर्क में आते ही पूरे पोल में करंट फैल गया और मजदूर इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में आलेख भगत और टामन ध्रुव की मौत हो गई वहीं तीन अन्य घायल हो गए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों तथा इसके लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जाए और जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने घटना में प्रथम दृष्टया सामने आई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारी के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पत्थलगांव विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता अमृत बेक को निलंबित कर दिया गया है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment