बाइक को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर ट्रॉली महानदी में जा गिरी

धमतरी: जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. महानदी पर बने अछोटा पुलि से एक ट्रैक्टर ट्रॉली 50 फीट नीचे नदी में जा गिरी. इस हादसे में ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए. ट्रैक्टर ड्राइवर और हेल्पर की जान बाल बाल बच गई. बताया जा रहा है कि हादसे के समय ट्रैक्टर चालक और हेल्पर ने छलांग लगा दी. जिससे उनकी जान बच गई.

ट्रैक्टर ट्रॉली धमतरी की ओर से अछोटा की तरफ जा रही थी. ट्रैक्टर में कोई सामान नहीं था. अछोटा पुल के बीच में पहुंचने के दौरान अचानक सामने बाइक आ गई. बाइक को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर ट्रॉली बेकाबू हो गई. उसके बाद पुल की रेलिंग की तरह ट्रैक्टर सीधे महानदी में जा गिरी. ट्रैक्टर-ट्रॉली करीब 50 फीट नीचे गिरने के बाद महानदी के किनारे रेत में जा धंसी.

हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रैक्टर कई हिस्सों में टूट गया, जबकि ट्रॉली के पिछले हिस्से के दोनों पहिए भी अलग हो गए. हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. वहीं घायल ड्राइवर और हेल्पर को वरदान एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है.

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment