चित्रकला में 20 और भाषण में 5 छात्र-छात्राओं का राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

कुरूद। सेवा संकल्प पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय चित्रकला, भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विकसित भारत, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल इंडिया और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपनी प्रतिभा और विचारों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं विधायक अजय चंद्राकर ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए शिक्षा, अनुशासन, नेतृत्व, जनभागीदारी और राष्ट्र प्रथम की भावना पर विचार साझा किए। वहीं, अपने पुराने विद्यालय परिसर में पहुंचते ही वे भावुक नजर आए और बचपन की स्मृतियां ताजा हो उठीं। उन्होंने कहा कि आज वे जहां हैं, जिस रूप में हैं और जिस मुकाम पर खड़े हैं, उसमें इस विद्यालय परिसर का बहुत बड़ा प्रभाव है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकर्ण साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, रविकांत चंद्राकर, त्रिलोकचंद जैन, मंडल अध्यक्ष डॉ. लोकेश साहू, कल्याण सिंह, कृष्णकांत साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रशासनिक एवं शिक्षा विभाग की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी, तहसीलदार सूरज बंछोर, सहायक संचालक रघुनंदन वर्मा, एसडीएम पीयूष तिवारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश बैंस एवं बीआरसी कुलेश्वर सिन्हा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रतिभागी छात्र-छात्राएं, पालकगण, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान श्री चंद्राकर ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का भी उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में भाषण कला के 5 छात्र-छात्राओं का राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ, जबकि चित्रकला में 20 छात्र-छात्राओं का राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ। श्री चंद्राकर ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी प्रतिभा और रचनात्मक सोच की सराहना की।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment