धमतरी। चाकू से गंभीर रूप से घायल अनीता मंडावी की आज सुबह धमतरी के गुप्ता हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी दुलेश्वर टंडन को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोंडागांव निवासी अनीता मंडावी कुरूद क्षेत्र की बालाजी राइस मिल में काम करती थी। उसी मिल में काम करने वाले भांठागांव निवासी दुलेश्वर टंडन के साथ उसके प्रेम संबंध होने की बात सामने आई थी।
बताया जा रहा है कि मोबाइल पर बातचीत को लेकर विवाद के बाद दुलेश्वर महिला के घर पहुंचा। वहां विवाद बढ़ने के बाद उसने चाकू से अनीता पर कई वार कर दिए। हमले में अनीता की कमर, जांघ सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसे तत्काल कुरूद अस्पताल पहुंचाया।
कुरूद में प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत गंभीर होने पर उसे धमतरी के निजी अस्पताल रेफर किया गया। एकता हॉस्पिटल में उसका उपचार चल रहा था। लेकिन आज सुबह इलाज के दौरान अनीता ने दम तोड़ दिया।










