जंगल में नक्सली डंप से हथियारों का जखीरा बरामद

दंतेवाड़ा। जिले में चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बारसूर थाना क्षेत्र के कोहकाबेड़ा-बुरदूम के बीच जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों के एक डंप का पता चला है। यहां से AK-47, INSAS राइफल समेत बड़ी मात्रा में हथियार, बम और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर इलाके में सर्चिंग अभियान शुरू किया गया था। जिला बल, DRG, बस्तर फाइटर्स और CRPF की संयुक्त टीम 5 अक्टूबर से मंगनार, बुरदूम, तोड़मा और कोहकाबेड़ा इलाके में एरिया डोमिनेशन कर रही थी। इसी दौरान 6 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे टीम को जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप मिला।
एसपी चंद्रमोहन सिंह के मुताबिक, बरामद सामान में एक AK-47 राइफल, मैगजीन और 23 राउंड गोलियां शामिल हैं। इसके अलावा एक INSAS राइफल और उसकी मैगजीन भी मिली है। सुरक्षा बलों ने मौके से 6 भरमार बंदूकें और एक BGL लॉन्चर भी बरामद किया है।

कुकर और टिफिन बम भी मिले

नक्सली डंप में विस्फोटक सामग्री भी बड़ी मात्रा में मिली है। सुरक्षा बलों को 8 कुकर बम और 4 टिफिन बम मिले हैं। इसके साथ ही करीब 20 मीटर कॉडेक्स वायर और पिस्टन रॉड स्प्रिंग के 24 नग भी बरामद किए गए हैं।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment