मेघा के मातारानी पेट्रोल पंप में आगजनी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

बच्ची की नाली में गिरकर बाढ़ में बहने से हुई मृत्यु की घटना से आक्रोशित होकर आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम

पेट्रोल नोजल में आग लगाने का किया प्रयास, असफल होने पर परिसर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों को किया आग के हवाले

धमतरी।  थाना मगरलोड पुलिस ने ग्राम मेघा स्थित मातारानी पेट्रोल पंप परिसर में आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को  गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जीवन निषाद निवासी वार्ड क्रमांक 01, मेघा,थाना मगरलोड,जिला धमतरी के रूप में हुई है।

मामला थाना मगरलोड क्षेत्र के ग्राम मेघा स्थित मातारानी पेट्रोल पंप का है।   दरमियानी रात करीब 01:30 बजे आरोपी पेट्रोल पंप परिसर में पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए पेट्रोल नोजल में आग लगाने का प्रयास किया। इसमें सफल नहीं होने पर उसने परिसर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों को माचिस से आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।

घटना की रिपोर्ट पर मगरलोड पुलिस ने आरोपी की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार किया।  पुलिस पूछताछ एवं आरोपी के कथन के अनुसार 26 सितंबर 2026 को ग्राम मेघा में पेट्रोल पंप के सामने खुले नाले के कारण एक छोटी बच्ची नाले में गिर गई थी और महानदी में आई बाढ़ के पानी में बह गई थी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई थी। आरोपी इस घटना के लिए पेट्रोल पंप प्रबंधन को जिम्मेदार मानता था। इसी बात को लेकर उसके मन में आक्रोश था, जिसके चलते उसने गुस्से में आकर पेट्रोल पंप परिसर में आगजनी की घटना को अंजाम दिया। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है तथा उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment