धमतरी। थाना बोराई पुलिस ने मवेशियों को क्रूरतापूर्वक हांककर ओडिशा ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 14 मवेशियों को मुक्त कराया। जब्त मवेशियों की अनुमानित कीमत 50,000 रूपये है।
थाना बोराई पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मोतिमडीह-लिखमा मुख्य मार्ग के पास से मवेशियों को अवैध रूप से ओडिशा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल आरोपी अमरचंद नेताम को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी अमरचंद नेताम निवासी आमगांव, थाना बोराई, जिला धमतरी ने मवेशियों को क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए नवरंगपुर, ओडिशा स्थित कत्लखाने ले जाने की बात स्वीकार की। मवेशियों के परिवहन एवं खरीदी-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
14 मवेशी जब्त, पशु चिकित्सा परीक्षण के बाद गौसेवा समिति को सौंपे गए
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 14 मवेशी, जिनमें 11 गाय, 02 बैल एवं 01 बछिया शामिल हैं, जब्त किए। जब्त मवेशियों की कुल अनुमानित कीमत 50,000 रूपये आंकी गई है।
सभी मवेशियों का पशु चिकित्सा अधिकारी से स्वास्थ्य परीक्षण कराने के पश्चात उनके सुरक्षित रख-रखाव एवं देखभाल के लिए पंडरीपानी के गौशाला को सुपुर्दनामा पर सौंपा गया। मामले में थाना बोराई में अपराध क्रमांक 18/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजी जा रही है।










