कुरुद। नगर दशहरा उत्सव समिति ने कुरुद दशहरा महोत्सव का आयोजन किया। नगर में 65 फीट के रावण के पुतले का दहन किया गया।

इस अवसर पर कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि कुरुद में बड़ी रेल लाइन की शुरुआत ने दशहरा महोत्सव में रौनक बढ़ा दी है। नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर। महोत्सव समिति के अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने दशहरा महोत्सव के ऐतिहासिक आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। इस दौरान छत्तीसगढ़ के रंग झांझर ग्रुप, कुरुद के रंग सुप्रसिद्ध मेलाडी आर्केष्ट्रा डांसिंग ग्रुप एवं मोर संगवारी टीम ने मनमोहक प्रस्तुति दी।
भखारा में दशहरा आयोजन में बांधा समां
भखारा। नगर के रामलीला मैदान में धूमधाम से दशहरा उत्सव मनाया गया। रामलीला मंचन, रावण वध और आकर्षक आतिशबाजी का देर रात तक दर्शक आनंद लेते रहे। कार्यक्रम में भगवान् श्रीराम ने रावण वध की लीला का सजीव मंचन किया। इस दौरान पूरा मैदान जय श्रीराम के जय घोष से गूंज उठा। इसके पश्चात् रावण के पुतले का दहन किया गया। रंग बिरंगी आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति जैन ने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि दशहरा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सच, धर्म और सदाचार की विजय का प्रतिक है। भगवान श्रीराम के आदर्श हमें जीवन में मर्यादा, संयम और सत्य के मार्ग पर चलने का प्रेरणा देते हैं।
असत्य पर सत्य की जीत का प्रतिक है दशहरा – बलजीत छाबड़ा
नगरी। नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक -2 तुमबाहारा में हर्षोल्लास से दशहरा पर्व मनाया गया। इस अवसर पर करीब 25 फीट रावण पुतले का दहन किया गया। इस दौरान रामलीला का मंचन भी किया गया।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने समस्त ग्रामीणों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि दशहरा हमें सिखाता है कि अहंकार, अधर्म और अत्याचार कितने भी बढ़ जाये, अंत में विजय सत्य और धर्म की होती है। वार्ड तुमबाहारा में प्रथम वर्ष रामलीला का आयोजन करना सराहनीय पहल है। ग्रामीणों का उत्साह और आयोजन के प्रति समर्पण देखकर प्रसन्नता हुई।










