धमतरी पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग पहल,कंडेल के विद्यार्थियों को यातायात,साइबर सुरक्षा एवं नशामुक्ति के प्रति किया गया जागरूक

धमतरी ।

पुलिस अधीक्षक  भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।  धमतरी पुलिस यातायात प्रभारी द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय, कंडेल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा एवं नशामुक्ति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा सड़क पर अनुशासन एवं सावधानी बरतने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से बचाव एवं यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की समझाइश दी गई।

साइबर जागरूकता के अंतर्गत विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, अनजान कॉल, ओटीपी एवं यूपीआई पिन साझा करने से होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी गोपनीय रखने तथा साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

नशामुक्ति के संबंध में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज में भी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment