Dhamtari : टिकरापारा में तलवार व लाठी-डंडा लेकर घर में घुसे, जान से मारने की धमकी, 5 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। टिकरापारा में घर में घुसकर तलवार व लाठी-डंडों से हमला करने वाले 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त बांस के डंडे जब्त किया गया। सभी 5 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

मिली जानकारी के अनुसार 21 अक्टूबर की रात्रि लगभग 10:30 बजे प्रार्थिया अपने घर के आंगन में बच्चे को खिला रही थी। इसी दौरान टिकरापारा के लगभग 10 से 12 युवक तलवार, बेसबॉल स्टिक एवं लाठी-डंडों से लैस होकर उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने प्रार्थिया के साथ झूमाझटकी करते हुए गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। अपनी जान बचाने के लिए प्रार्थिया जब अपनी मां तारा निर्मलकर के घर पहुंची, तो आरोपियों द्वारा वहां भी घर के अंदर घुसकर गाली-गलौज करने तथा तलवार एवं लाठी-डंडे लहराकर भय का माहौल उत्पन्न करने की बात सामने आई। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी द्वारा तत्काल थाने में अपराध क्रमांक 273/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 189(4), 190, 191(3) एवं 331(6) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा तत्काल जांच प्रारंभ की गई। घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा तैयार किया गया तथा सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान एवं संलिप्तता के संबंध में विवेचना की गई। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए आरोपियों देवेन्द्र नेताम उर्फ पप्पू, आदित्य मसीह, हिमांशु राकुडला, हर्ष अंगारे उर्फ छोटू, रूद्रेश प्रताप साहू को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त बांस के डंडे जब्त किए । गिरफ्तार 5 आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) न्यायालय, धमतरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।

 

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment