मनरेगा में कथित अनियमितताओं का मामला गरमाया, धारा 40 के तहत कार्रवाई और निलंबन की मांग को लेकर प्रदेश सचिव योगेंद्र देवांगन ने प्रशासन को दी चेतावनी
कुरुद। मनरेगा कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितताओं तथा जेसीबी मशीन से खुदाई कर निकाली गई सामग्री को बेचने के आरोपों को लेकर चौरहा सरपंच देशांत सिन्हा के मामले में कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश सचिव योगेंद्र देवांगन ने एसडीएम एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच तथा छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
प्रदेश सचिव योगेंद्र देवांगन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रशासन को इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए जांच पूरी कर उचित कार्रवाई करनी चाहिए। यदि सात दिनों के भीतर मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) जनहित में लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीण मजदूरों के रोजगार और गांव के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। संबंधित अभिलेखों, भुगतान विवरण और कार्यस्थल की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए।
योगेंद्र देवांगन ने कहा कि कलेक्टर से मुलाकात कर भी इस विषय को प्रमुखता से उठाया जाएगा। जांच में आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध धारा 40 के तहत कार्रवाई, निलंबन तथा अन्य वैधानिक कदम उठाने की मांग की जाएगी।







