धमतरी। राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान (एनआईआरडी) की टीम ने बुधवार को धमतरी जिले के कुरुद विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मंदरौद का भ्रमण कर पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं तथा आजीविका संवर्धन संबंधी गतिविधियों का अवलोकन किया। टीम में सत्याजीत पात्रो एवं एस.एम. सादाब शामिल थे। इस दौरान जिला पंचायत धमतरी की उपसंचालक पंचायत पद्मनी वर्मा उपस्थित रहीं।
भ्रमण के दौरान टीम ने सर्वप्रथम ग्राम पंचायत भवन का निरीक्षण कर पंचायत की मूलभूत जानकारी एवं विभिन्न गतिविधियों के संबंध में चर्चा की। इसके बाद महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों से विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। कृषि विभाग के माध्यम से संचालित कार्बन क्रेडिट संबंधी गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। पर्यावरण संरक्षण एवं आजीविका संवर्धन के तहत फलदार वृक्षारोपण, बाड़ी विकास तथा खस एवं सिंदूर जैसे उपयोगी पौधों के रोपण का अवलोकन किया गया। साथ ही मखाना उत्पादन के उद्देश्य से तैयार की गई डबरी का निरीक्षण कर इसकी संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की।
आंगनबाड़ी, पोषण एवं बाल-अनुकूल व्यवस्थाओं का निरीक्षण
टीम ने बाला अवधारणा के अंतर्गत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया। इसके साथ ही संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण आहार की व्यवस्था, पंजियों एवं रजिस्टरों का अवलोकन कर बच्चों के पोषण और बाल-अनुकूल वातावरण के संबंध में जानकारी ली।
युवाओं के प्रशिक्षण और ग्रामीण आजीविका गतिविधियों का जायजा
ग्राम के खेल मैदान में टीम ने मोहन साहू द्वारा युवाओं को सेना भर्ती के लिए दिए जा रहे प्रशिक्षण की जानकारी प्राप्त की। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही केशरी नागरची के आवास का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया। महिला सशक्तीकरण एवं आजीविका संवर्धन के तहत स्व-सहायता समूह की महिलाओं से सेंटरिंग प्लेट से संबंधित कार्यों पर चर्चा की गई। वहीं, पुष्पा निषाद एवं उषा निषाद द्वारा किए जा रहे हथकरघा एवं बुनकर कार्यों का अवलोकन कर उनकी आजीविका संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली गई।
पेयजल व्यवस्था एवं बुनियादी सुविधाओं का अवलोकन
जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित नल-जल योजना की जानकारी लेते हुए टीम ने पानी की टंकी का निरीक्षण किया तथा ग्राम में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था का जायजा लिया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा के निर्देशन में किए गए इस भ्रमण का उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों, ग्रामीण आजीविका के अवसरों तथा बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन करना रहा।
भ्रमण के दौरान जनपद पंचायत कुरुद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमित सेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, बिहान समूह की महिलाएं, पंचायत पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।







