कुरूद में विद्यार्थियों से रू-ब-रू हुए कलेक्टर, नवंबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित होगा युवा फेस्टो

धमतरी। कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने बीते शुक्रवार को कुरूद प्रवास के दौरान संत गुरु घासीदास स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन नवीन भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए आवश्यक जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं से रू-ब-रू होकर संवाद भी किया और उनकी शैक्षणिक गतिविधियों एवं रुचियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि नवीन महाविद्यालय भवन के निर्माण से महाविद्यालय की शैक्षणिक अधोसंरचना और अधिक सुदृढ़ होगी। विद्यार्थियों को अध्ययन-अध्यापन के लिए अतिरिक्त स्थान के साथ बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे महाविद्यालय में शैक्षणिक वातावरण को और समृद्ध बनाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में इसी महाविद्यालय में आयोजित होने वाले युवा फेस्टो की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के विद्यार्थी शामिल होकर अपनी प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों के वक्ता भी विद्यार्थियों से संवाद करेंगे तथा उन्हें नई जानकारियां और अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।

कलेक्टर ने धमतरी के पीजी कॉलेज में पूर्व में आयोजित युवा फेस्टो की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा फेस्टो मूलतः युवाओं का अपना आयोजन है। इसमें विद्यार्थी स्वयं आयोजक और होस्ट की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं प्रतिभा के अनुरूप पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी को गायन, नृत्य, खेल, पेंटिंग, पाक-कला (कुकिंग) अथवा अन्य रचनात्मक गतिविधियों में रुचि है, तो उसे अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), नई तकनीकों, कौशल विकास और प्रशिक्षण से जुड़ी गतिविधियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि युवा फेस्टो विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, नई चीजें सीखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और दूसरे जिलों के युवाओं के साथ अनुभव साझा करने का मंच प्रदान करेगा।इस अवसर पर एसडीएम श्री पीयूष तिवारी, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. पांडे सहित प्राध्यापकगण एवं महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित थे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment