Dhamtari: छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग का 25 करोड़ रुपये से होगा निर्माण, भारी वाहनों को शहर में प्रवेश से मिलेगी मुक्ति

9 किलोमीटर लंबी सड़क 7 मीटर चौड़ी बनेगी, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने निर्माण कार्य का किया निरीक्षण; गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश

धमतरी। जिले में आवागमन को सुगम बनाने, यातायात का दबाव कम करने और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने के उद्देश्य से छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने बीते दिनों क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान इस सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से 9 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण किया जा रहा है। सड़क की चौड़ाई 7 मीटर निर्धारित की गई है। वर्तमान में प्रारंभिक चरण के अंतर्गत पेड़ों की कटाई एवं सड़क के समतलीकरण का कार्य किया जा रहा है।
इस मार्ग के निर्माण से छाती, गागरा, कंडेल और देवपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही भारी वाहनों को धमतरी शहर के भीतर प्रवेश करने की आवश्यकता नहीं होगी। वाहन छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग से कोलियारी होते हुए नगरी एवं ओडिशा की ओर आवागमन कर सकेंगे। इससे शहर में यातायात का दबाव कम होने, जाम की समस्या में राहत मिलने तथा सड़क सुरक्षा बेहतर होने की उम्मीद है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य शासन द्वारा निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप कराया जाए। निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता, निर्धारित चौड़ाई एवं अन्य तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा नियमित रूप से निर्माण कार्य की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को शीघ्र बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिल सके। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग  सतिन्दर चहल, एसडीएम डॉ.कल्पना ध््राुव,  एसडीओ  मुरलीधर पैकरा, सीईओ जनपद पंचायत धमतरी वर्षा रानी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment