मनीष सरवैया @ महासमुंद। गरीब और जरूरतमंद लोगों को कर्ज देकर उनसे मनमाना ब्याज वसूलने तथा भयादोहन के जरिए जबरन वसूली करने के मामले में महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बसना थाना पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा (53 वर्ष) के रायपुर स्थित डॉल्फिन प्लाजा, मोवा के फ्लैट में दबिश देकर तलाशी ली। पुलिस ने यहां से 160 हस्ताक्षरित खाली चेक, 48 ब्लैंक स्टांप, 9 ऋण पुस्तिकाएं एवं जमीन संबंधी दस्तावेज सहित कई महत्वपूर्ण सामग्री जब्त की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया ।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बंसुलाडीपा निवासी विनोद चौहान ने अपनी गाड़ी बनवाने के लिए आरोपी से 42 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि रकम देने के दौरान आरोपी ने औपचारिकता के नाम पर विनोद और उसके भाई के हस्ताक्षरयुक्त खाली चेक, बैंक पासबुक तथा आधार कार्ड की प्रतियां अपने पास रख ली थीं। इसके बाद फोन-पे के माध्यम से आठ माह में 40 हजार रुपये और घरेलू बर्तन तथा सोना-चांदी बिकवाकर 25 हजार रुपये अतिरिक्त वसूल किए गए। पूरी रकम चुकाने के बाद भी चेक वापस नहीं किए गए। पीड़ित ने आरोपी पर घर पहुंचकर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए 13 नवंबर को बसना पुलिस टीम ने रायपुर में आरोपी के निवास पर कार्रवाई की। तलाशी में 27 एटीएम, डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड, 24 बैंक पासबुक, ब्याज के लेन-देन का हिसाब दर्ज दो डायरियां, दो नोट कॉपियां और 1 लाख 20 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए। मोबाइल फोन एवं बैंक जमा पर्चियां भी जब्त की गई हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 636/2026 के तहत बीएनएस की धारा 308(2), 296, 351(2) तथा छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब जब्त दस्तावेजों और बैंक खातों की जांच कर रही है, ताकि अन्य पीड़ितों और सूदखोरी के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।








