धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ ) के एक जवान की मौत का मामला सामने आया है। छुट्टी पर अपने गांव आए 32 वर्षीय जवान डाकेश सोम का शव रविवार रात उनके घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर सिहावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 32 वर्षीय डाकेश सोम के रूप में हुई है। वह धमतरी जिले के सातबहाना गांव का निवासी था। डाकेश सोम केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 28वीं बटालियन में पदस्थ था। उसकी तैनाती कांकेर जिले के अंतागढ़ क्षेत्र में थी। जवान इन दिनों 10 दिनों की छुट्टी लेकर अपने गांव आया हुआ था। छुट्टी के दौरान वह परिवार के साथ घर पर रह रहा था। परिवार के लोगों को उम्मीद थी कि छुट्टी पूरी होने के बाद वह वापस अपनी ड्यूटी पर लौट जाएगा, लेकिन इससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, डाकेश सोम को सोमवार को वापस अपनी बटालियन में ड्यूटी पर पहुंचना था। रविवार रात को उसके घर में ही उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना का पता चलने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। परिवार के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर सिहावा थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।








