रायपुर। छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों के सुधार, पुनर्वास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में संचालित ‘निश्चय कार्यक्रम’ के अंतर्गत शिक्षा और कौशल विकास को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय जेल रायपुर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में कंप्यूटर शिक्षा एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले 70 बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। यह पहल बंदियों को रिहाई के बाद सम्मानजनक आजीविका के अवसरों से जोड़ने और समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय तथा जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 40 पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ तथा 30 महिला बंदियों को ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ के अंतर्गत ब्यूटी पार्लर संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने प्रशिक्षण प्राप्त बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जेलों में बंदियों को शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना सुधारात्मक प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ‘निश्चय कार्यक्रम’ इसी उद्देश्य को साकार करने की दिशा में सार्थक पहल है।
श्री गुप्ता ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों का महत्वपूर्ण आधार बन गई है। कंप्यूटर प्रशिक्षण से बंदियों में डिजिटल साक्षरता, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास का विकास होगा। वहीं महिला बंदियों को हेयर ड्रेसिंग एवं ब्यूटी पार्लर संबंधी प्रशिक्षण प्रदान करने से उन्हें रिहाई के पश्चात स्वरोजगार प्रारंभ करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।








