Dhamtari : अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई-दो दिनों की सघन जांच में 4 वाहन जप्त

धमतरी। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्राप्त शिकायत के संज्ञान में आने के बाद खनिज अमले ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्र में व्यापक जांच की।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 एवं 13 जुलाई 2026 को ग्राम सारंगपुरी, खरेंगा, अमेठी, सरगी-दोनर, पाहंदा तथा आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए गए 4 वाहनों को जप्त किया गया। जप्त वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के प्रावधानों के तहत अर्थदण्ड की कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 13 जुलाई 2026 तक अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण से संबंधित कुल 239 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 69 लाख 32 हजार 683 रुपये का अर्थदण्ड वसूल कर शासकीय खनिज मद में जमा कराया गया है तथा संबंधित प्रकरणों का प्रशमन किया गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर प्रभावी रोकथाम के लिए विभागीय उड़नदस्ता दल द्वारा नियमित निगरानी एवं सतत कार्रवाई की जा रही है। भविष्य में भी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध इसी प्रकार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment