बस चालक पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। बस चालक पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को कुरूद पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। चाकूबाजी के मामले में आरोपी से वारदात में प्रयुक्त वाहन एवं हथियार जब्त किया गया।

प्रकरण के अनुसार 28 जुलाई 2026 को लगभग दोपहर 3:15 बजे ए.जे. इंग्लिश स्कूल कुरूद की स्कूल बस बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान सुनीलम सिनेमा के पास सार्वजनिक शौचालय के सामने मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों ने बस को रोककर चालक से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद किया। आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा धारदार हथियार से हमला कर चालक को घायल कर दिया।

घटना की सूचना पर तत्काल थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 228/2026 धारा 296, 115(2), 351(2), 126(2), 118(1), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण,साक्ष्य संकलन एवं गवाहों के कथन के आधार पर आरोपी रोहन साहू  को  गिरफ्तार किया। प्रकरण में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक का सामाजिक पृष्ठभूमि तैयार कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार वैधानिक कार्यवाही की गई।

जांच के दौरान वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल एवं धारदार हथियार बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। आरोपी रोहन साहू को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment