नीरज साहू हत्याकांड : आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से समाज के लोगों में नाराजगी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, अज्ञात आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग

धमतरी। जिले के चर्चित नीरज साहू हत्याकांड को लेकर साहू समाज का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. हत्या के एक सप्ताह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से समाज के लोगों में नाराजगी है. इसी के चलते गुरुवार को साहू समाज के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने ज्ञापन सौंपकर अज्ञात आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की.

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो लोगों का कानून व्यवस्था से विश्वास कमजोर होगा. उन्होंने यह भी मांग की कि जिस क्षेत्र में हत्या हुई है वहां पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, ताकि आम लोगों में व्याप्त भय का माहौल समाप्त हो सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

दरअसल, 22 जुलाई को कुरूद थाना क्षेत्र के नारी पुल के पास दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात हुई थी. पिकअप वाहन में सवार युवक नीरज साहू पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया था. गंभीर चोट लगने से युवक लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन घटना के एक सप्ताह बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं.

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment