भानुप्रतापपुर में गांजा खेती का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

कांकेर। भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गांजा खेती का खुलासा करते हुए एक ग्रामीण को गिरफ्तार किया है। आरोपी अरहर की फसल के बीच गांजे के पौधे उगा रहा था। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में गांजे के पौधे बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 4 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि भरसा तरहुल गांव में एक ग्रामीण अपने खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान अरहर की फसल के बीच गांजे के पौधे पाए गए।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने गांजे के पौधों को अरहर की फसल के बीच लगाया था। दोनों पौधों में समानता होने का फायदा उठाकर वह पुलिस और अन्य लोगों की नजर से बचाने की कोशिश कर रहा था। मौके पर गांजे के पौधों की पहचान और कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उन्हें जब्त कर लिया। जब्त पौधों की कीमत 4 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ नारकोटिक्स संबंधी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment