धमतरी। ‘साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़’ के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित “साइबर जागृति अभियान” (15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026) के तहत पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी एवं डीएसपी के मार्गदर्शन में 27 अगस्त को जिलेभर में व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया।
धमतरी पुलिस की टीमों ने विभिन्न बैंकों, शैक्षणिक संस्थानों, शासकीय कार्यालयों एवं साप्ताहिक बाजारों में पहुंचकर बैंक ग्राहकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
सिटी कोतवाली क्षेत्र के एचडीएफसी एवं आईबीएफसी बैंक में 40 से अधिक, अर्जुनी क्षेत्र में लगभग 65, कुरूद के एसबीआई में लगभग 30 एवं नगरी के एसबीआई में लगभग 50 खाताधारकों को जागरूक किया गया। वहीं करेली बड़ी चौकी क्षेत्र में 300 से अधिक ग्रामीणों एवं व्यापारियों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई। भखारा, मगरलोड, रूद्री एवं बिरेझर क्षेत्र में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस टीमों द्वारा डिजिटल अरेस्ट, पार्ट-टाइम जॉब स्कैम, शेयर मार्केट फ्रॉड, फर्जी APK लिंक, लोन फ्रॉड, OTP/PIN चोरी एवं सोशल मीडिया फ्रॉड से बचाव के तरीके बताए गए। नागरिकों को अपना OTP, PIN, CVV एवं बैंक विवरण किसी से साझा नहीं करने तथा अनजान लिंक/ऐप पर क्लिक न करने की समझाइश दी गई।
बैंकों में लगाए गए “सेल्फी स्टैंड” पर नागरिकों ने QR कोड स्कैन कर “जागरूकता की सेल्फी” ली।
मैं जागरूक हूँ, आप भी जागरूक बनें। छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर जागृति अभियान’ से जुडें। लिंक क्लिक करें cgpolice-cyberjaagrutiabhiyaan.com या मेरी सेल्फी फ्रेम में दिए QR कोड़ को स्कैन कर ‘सेल्फी लें’ और अपने सोशल मीडिया में शेयर करें।
▪️धमतरी पुलिस ने अपील की कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
सतर्क रहें – सुरक्षित रहें। साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनें।










