भखारा रोड पर अलग-अलग सड़क हादसों की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल-112 टीम, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

धमतरी। पुलिस अधीक्षक  भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की सूचना पर त्वरित रिस्पॉन्स देते हुए घायलों को तत्काल सहायता एवं उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत भखारा रोड पर अलग-अलग स्थानों पर हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में डायल-112 टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

भखारा रोड पर ग्राम सिर्वे तालाब के पास एक व्यक्ति के स्कूटी से गिरकर घायल होने की सूचना डायल-112 को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही डायल-112 वाहन तत्काल घटनास्थल पहुंचा, जहां संतोष धीमर निवासी तेलीगुड़ा, थाना रानीतराई स्कूटी चलाते समय अनबैलेंस होकर गिरने से घायल अवस्था में मिले। डायल-112 टीम द्वारा उन्हें तत्काल वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भखारा पहुंचाकर उपचार हेतु भर्ती कराया गया तथा उनके परिजन देवराम साहू निवासी ग्राम सिर्वे को सूचना दी गई। इस कार्रवाई में ERV में तैनात आरक्षक फगेंद्र साहू एवं चालक हीतेश विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इसी प्रकार सिहाद मोड़ के आगे राइस मिल के पास दो व्यक्तियों के मोटरसाइकिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर डायल-112 पाइथन-1 भखारा तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सुरक्षित रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भखारा पहुंचाकर उपचार हेतु भर्ती कराया गया।

धमतरी पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता एवं उनका जीवन बचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डायल-112 के माध्यम से त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जा रहा है। पुलिस की अपील है कि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल डायल-112 पर सूचना दें, ताकि जरूरतमंदों को समय पर पुलिस एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment