रविशंकर सागर (गंगरेल) जलाशय 90.72 प्रतिशत, मुरूमसिल्ली जलाशय 98.82 प्रतिशत भरा
धमतरी। जिले और कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से धमतरी के प्रमुख जलाशयों में पानी की आवक तेज हो गई है। जल संसाधन विभाग, जल प्रबंध संभाग रूद्री द्वारा जारी दैनिक गेज रिपोर्ट के अनुसार रविशंकर सागर (गंगरेल) जलाशय 90.72 प्रतिशत, जबकि मुरूमसिल्ली जलाशय 98.82 प्रतिशत भर चुका है। मुरूमसिल्ली जलाशय लगभग पूर्ण भराव की स्थिति में पहुंच गया है।
गंगरेल में 3,548 क्यूसेक पानी की आवक
रविशंकर सागर (गंगरेल) क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में 43 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यहां अब तक कुल 940 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। जलाशय में वर्तमान में 3,548 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि सिंचाई एवं अन्य आवश्यकताओं के लिए 400 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जलाशय का उपयोगी जल भराव 24.568 टीएमसी (695.79 मिलियन घन मीटर) दर्ज किया गया है।
मुरूमसिल्ली 98.82 प्रतिशत भरा
मुरूमसिल्ली जलाशय में भी लगातार बारिश के चलते जलस्तर तेजी से बढ़ा है। पिछले 24 घंटे में यहां 37 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जलाशय का उपयोगी जल भराव 98.82 प्रतिशत यानी 5.65 टीएमसी तक पहुंच गया है। जलाशय में जल संतुलन एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 246 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।
दुधावा में 82.37 और सोंढूर में 68.90 प्रतिशत भराव
दुधावा जलाशय में 82.37 प्रतिशत जल भराव दर्ज किया गया है। यहां 645 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि 240 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
वहीं सोंढूर जलाशय क्षेत्र में अब तक 972 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है। जलाशय का भराव 68.90 प्रतिशत है और यहां से 592 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज जारी है।










