पुरानी रंजिश में  बड़े भाई-भाभी पर लाठी से हमला,  छोटा भाई गिरफ्तार

पामगढ़। थाना पामगढ़ क्षेत्र के ग्राम कोसला में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपने बड़े भाई और भाभी पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया। मामले में पामगढ़ पुलिस ने आरोपी छोटे भाई जनकराम साहू (50) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त की शाम ग्राम कोसला में जनकराम साहू का अपने बड़े भाई पुनीराम साहू से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि जनकराम ने बांस की लाठी से पुनीराम के सिर पर कई वार कर दिए। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची पुनीराम की पत्नी पर भी आरोपी ने लाठी से हमला कर दिया। हमले में दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे घायल होकर मौके पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना दी और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से शासकीय अस्पताल पामगढ़ पहुंचाया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment